भानुप्रतापपुर के वार्ड क्रमांक 13 में सड़क पर खुले बोर के गड्ढे से हादसे की संभावना
कांकेर, 22 जून (हि.स.)। जिले के भानुप्रतापपुर नगर के वार्ड क्रमांक 13 में सड़क पर किए गए बोर खनन का मामला अब गंभीर चिंता का विषय बन गया है। विवाद के बाद प्रशासन ने बोर खनन का कार्य तो रुकवा दिया, लेकिन मौके पर बने गहरे गड्ढे और खुले बोर को अब तक सुरक्षित तरीके से बंद नहीं कराया गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने यह सवाल लगातार उठ रहे हैं कि यदि इस खुले बोर में कोई बच्चा या राहगीर गिरकर हादसे का शिकार हो जाता है, तो उसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?
स्थानीय निवासी अभिषेक सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्होंने इस मामले में कई बार प्रशासन को लिखित शिकायत देकर खुले बोर को तत्काल बंद कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि संबंधित व्यक्ति हरीश शर्मा द्वारा सड़क क्षेत्र में बोर खनन कराया गया था, लेकिन विवाद के बाद काम रुकने के बावजूद गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया, जिससे आस-पास रहने वाले लोगों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस पूरे मामले की जानकारी होने के बाद भी यदि समय रहते खुले बोर को बंद नहीं कराया जाता और भविष्य में कोई हादसा होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित व्यक्ति की होगी। उनका कहना है कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करना आसान है, लेकिन उससे पहले खतरे को खत्म करना ही प्रशासन की वास्तविक जिम्मेदारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

