बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद एवं बस्तर के माँ मातंगी धाम मिलकर करेंगे सेवा कार्य
जगदलपुर, 28 जून (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद आज रविवार काे अपने बस्तर प्रवास पर जिले के जामगांव स्थित मां मातंगी धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज के बीच हुई मुलाकात में क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा कार्यों के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस दौरान दोनों पक्षों ने जरूरतमंद लोगों तक सेवा कार्यों का दायरा बढ़ाने पर सहमति जताई।
बैठक में डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सोनू सूद का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर स्वागत करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्हें माँ मातंगी दिव्य धाम में आयोजित होने वाले माँ कोत्रवै प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया, जिसे सोनू सूद ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। चर्चा के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सूद चैरिटी फाउंडेशन द्वारा देशभर में किए जा रहे मानवसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि माँ मातंगी दिव्य धाम के माध्यम से बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहायता, अस्थमा के निशुल्क उपचार, आर्थिक सहयोग, गौसंरक्षण, आईटीबीपी जवानों के लिए आध्यात्मिक मार्गदर्शन तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि धाम में जल्द ही माँ मातंगी शिक्षा रत्न सम्मान की शुरुआत की जाएगी। इसके अलावा धाम आने वाले बच्चों के लिए प्रतिदिन एक घंटे की नैतिक शिक्षा और संस्कार की कक्षाएं शुरू करने की योजना है, ताकि उनमें अनुशासन, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों का विकास हो सके।
बैठक में बस्तर क्षेत्र के आदिवासी अंचलों, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों तक शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। माँ मातंगी दिव्य धाम ने सूद चैरिटी फाउंडेशन के जनसेवा अभियानों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सोनू सूद ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के लिए उनका सेवा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम सेवा है। दोनों संस्थाओं ने भविष्य में बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों में मानव कल्याण और जनहित से जुड़े संयुक्त अभियान संचालित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

