बोलेरो पेड़ से टकराई, सेना के जवान की हुई मौत, 06 घायल, एक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
बोलेरो पेड़ से टकराई, सेना के जवान की हुई मौत, 06 घायल, एक गंभीर


कोंडागांव , 24 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र के गट्टीपलना मोड़ पर शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में सेना के जवान सुंदरलाल नेताम की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में सवार पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो में सात लोग सवार होकर देर रात करीब साढ़े 10 बजे दशहरा उत्सव का कार्यक्रम देखने के लिए ग्राम पांडे आठगांव जा रहे थे, तभी गट्टीपलना के घुमावदार मोड़ पर यह हादसा हुआ। गट्टीपलना मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों ने पुलिस की मदद से सभी घायलों को फरसगांव अस्पताल पहुंचाया। हादसे में ग्राम पल्ली निवासी सुंदरलाल नेताम, पिता सुबेलाल नेताम की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल जवान मनीष नेताम का उपचार जारी है। अन्य घायलों में नंदलाल नेताम, दिनेश नेताम, सुनेश मरकाम, तेजलाल नेताम (सभी निवासी पल्ली) और परदेशी कोर्राम (निवासी आलोर) शामिल हैं।गंभीर रूप से दो घायलों को जिला अस्पताल रिफर किया गया है बाकी घायलों का फरसगांव अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

फरसगांव थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और सड़क सुरक्षा समिति की मदद से बोलेरो में फंसे घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए फरसगांव अस्पताल भेजा गया।

पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मृतक जवान सुंदरलाल नेताम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इस सड़क दुर्घटना के संबंध में मर्ग कायम कर लिया है और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765872 Articles

Share this story