44 साल पुराने बोहला बांध का होगा जीर्णोद्धार, स्लूस गेट निर्माण और मरम्मत के लिए 1.86 करोड़ रुपये मंजूर
बलरामपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। रामानुजगंज नगर के जलस्तर को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले रामानुजगंज जलाशय (बोहला बांध) के क्षतिग्रस्त स्लूस गेट से हो रहे पानी के रिसाव को रोकने के लिए शासन ने सकारात्मक कदम उठाए हैं।
जल संसाधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शासन ने क्षतिग्रस्त स्लूस गेट के नए निर्माण और बांध की मरम्मत के लिए 186.60 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी है।
जल संसाधन विभाग ने बताया कि रामानुजगंज जलाशय का निर्माण वर्ष 1982 में पूरा हुआ था। लंबे समय से उपयोग में रहने के कारण बांध का स्लूस गेट खराब हो गया है, जिससे पानी का रिसाव हो रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जीर्णोद्धार कार्य की 144.34 लाख रुपये की निविदा जारी की जा चुकी है। निविदा खुलने के बाद काम शुरू कर तय समय में पूरा कराया जाएगा।
नया स्लूस गेट लगने और बांध की मरम्मत होने के बाद पानी का अनावश्यक बहाव रुकेगा और जलाशय में पर्याप्त जल भंडारण हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

