कोरबा: नर्सरी में पेड़ पर लटका मिला 24 वर्षीय युवक का शव, रविवार शाम से था लापता

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा: नर्सरी में पेड़ पर लटका मिला 24 वर्षीय युवक का शव, रविवार शाम से था लापता


कोरबा, 12 अक्टूबर (हि. स.)। कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राकसिपारा डगनिया गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक नर्सरी में पेड़ पर 24 वर्षीय युवक का शव लटका हुआ मिला। खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव देखकर इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची बांकीमोंगरा पुलिस ने जांच शुरू की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

मृतक की पहचान जय कुमार पटेल (24वर्ष ), पिता मोहन पटेल, निवासी राकसिपारा डगनिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जय कुमार रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह करीब 7 बजे कुछ ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गांव के पास स्थित नर्सरी में पेड़ पर लटके युवक के शव पर पड़ी। शव की पहचान जय कुमार पटेल के रूप में होने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल उसके परिजनों और बांकीमोंगरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए तथा पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने बताया कि जय कुमार अविवाहित था और मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। वह अपने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ रहता था। परिजनों के मुताबिक, वह ज्यादा लोगों से मेलजोल नहीं रखता था और अधिकांश समय घर पर ही रहता था। पिछले कुछ दिनों से वह काम पर भी नहीं जा रहा था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि युवक रविवार शाम से लापता था और सोमवार सुबह नर्सरी में उसका शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story