कवर्धा की युवती की लाश संदेहास्पद हालत में लॉज में मिली

WhatsApp Channel Join Now
कवर्धा की युवती की लाश संदेहास्पद हालत में लॉज में मिली


धमतरी, 27 सितंबर (हि.स.)। रूद्री रोड स्थित सीजी-05 लॉज एंड रेस्टोरेंट के कमरा नंबर 106 में रविवार को कवर्धा निवासी युवती पिंकी मानिकपुरी की लाश संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को फांसी लगाकर आत्महत्या का मान रही है, वहीं परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है।

परिजनों का कहना है कि घटना से पहले पिंकी के साथ धमतरी निवासी टिकेश्वर नामक युवक मौजूद था, जिसे उन्होंने युवती का ब्वायफ्रेंड बताया है। पुलिस अब लॉज के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार पिंकी 24 सितंबर को सीजी-05 लॉज एंड रेस्टोरेंट में आकर ठहरी थी। बताया गया कि वह पहले भी धमतरी आ चुकी थी। शनिवार रात करीब 10 बजे लॉज कर्मचारियों ने उसे देखा था। उसने डिलीवरी ब्वाय के माध्यम से खाने का सामान भी मंगाया था। इसके बाद काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर कर्मचारियों ने बाजू की खिड़की से अंदर देखा, जहां पिंकी की लाश पड़ी थी। इसकी सूचना लॉज संचालक ने पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

रविवार सुबह परिजनों के पहुंचने के बाद कमरे की सील खोलकर पंचनामा कार्रवाई की गई। फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई और इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पिंकी के पिता दयालुदास, निवासी राजमहल चौक, समनापुर मार्ग, वार्ड क्रमांक 10, कवर्धा और मां रनिया बाई ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर मौत पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि पिंकी 24 सितंबर को काम के सिलसिले में रायपुर जाने की बात कहकर कवर्धा से निकली थी। बाद में धमतरी के एक युवक टिकेश्वर के साथ लॉज में उसके ठहरने की जानकारी मिली। परिजनों ने पिंकी के नाक और गले के आसपास खून निकलने की बात कहते हुए हत्या की आशंका जताई है। वहीं पिंकी की दो सहेलियां सिम्मी और किया भी घटना की जानकारी मिलने पर धमतरी पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पिंकी ने धमतरी में टिकेश्वर नामक युवक के बारे में उन्हें जानकारी दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा सीसीटीवी फुटेज से मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story