महानदी में अज्ञात महिला का मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अभनपुर के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम टीला स्थित निर्माणाधीन एनीकट के पास महानदी में शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महानदी के किनारे से गुजर रहे ग्रामीणों ने निर्माणाधीन एनीकट के पास महिला का शव पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्राथमिक जांच में महिला की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस को महिला के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता चल सके।

बताया जा रहा है कि हाल ही में निर्माणाधीन एनीकट क्षेत्र में महानदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति बनी थी। ऐसे में महिला के बाढ़ के पानी में बहकर यहां तक पहुंचने और डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। साथ ही सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह और वह एनीकट क्षेत्र तक कैसे पहुंची, इसका स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story