बीजापुर जिला अस्पताल के सामने अज्ञात पुरूष का मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर जिला अस्पताल के सामने अज्ञात पुरूष का मिला शव


बीजापुर, 15 जुलाई (हि.स.)। जिला अस्पताल बीजापुर के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि आसपास खेल रहे बच्चों ने सबसे पहले शव को देखा और इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव काफी समय से घटनास्थल पर पड़ा होने की आशंका है। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे मृतक की शिनाख्त करने में पुलिस को कठिनाई हो रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बीजापुर सिटी कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान और अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story