तीन दिन से लापता युवक का शव पिपरहा तालाब में मिला

WhatsApp Channel Join Now
तीन दिन से लापता युवक का शव पिपरहा तालाब में मिला


बलौदा बाजार 21 अगस्त (हि.स.)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरहा तालाब में शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तालाब में नहाने पहुंचे लोगों ने आज सुबह शव को पानी में देख पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 40 वर्षीय आनंद यादव, पिता सांवत यादव, निवासी पिपरहा तालाब के समीप स्थित मोहल्ला के रूप में हुई है। आनंद यादव अंबेडकर चौक स्थित एक होटल में कार्यरत था।

परिजनों ने बताया कि आनंद यादव पिछले तीन दिनों से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में शोक व्याप्त है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों का खुलासा होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story