बंद कमरे से युवक का खून से लथपथ शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
बंद कमरे से युवक का खून से लथपथ शव बरामद


कोंडागांव, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के नगर पंचायत फरसगांव के वार्ड क्रमांक 4 में आज बुधवार काे खून से लथपथ अवस्था में एक युवक का शव उसके ही कमरे में मिला है। घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए तथा शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विजय सेठिया उर्फ ललित (40 वर्ष) के रूप में हुई है। विजय के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। विजय का शव बिस्तर पर खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। मृतक की कलाई पर गहरा कट का निशान था, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे कमरे में खून फैला हुआ था। वहीं, पास रखी टेबल पर एक ब्लेड भी मिला, जिसे पुलिस ने अन्य साक्ष्यों के साथ जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story