जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर, कलेक्टर ने डायलिसिस यूनिट का किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 17 सितंबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल शासकीय जिला चिकित्सालय जांजगीर-चांपा में आज गुरुवार काे रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आम नागरिकों ने उत्साह के साथ स्वैच्छिक रक्तदान किया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शिविर का निरीक्षण कर रक्तदाताओं से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर ने कहा कि रक्तदान महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ रक्त के संग्रहण और भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने डायलिसिस प्रक्रिया के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा यूनिट की आवश्यकता के अनुसार पानी की क्षमता बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। मरीजों की सुविधा को देखते हुए डायलिसिस यूनिट में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने कहा।
इस दौरान सीएमएचओ डॉ. अनिता श्रीवास्तव, सिविल सर्जन सहित चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

