अंधे मोड़ और खुले नाले से बढ़ रहा हादसों का खतरा, सुरक्षा व्यवस्था की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अंधे मोड़ और खुले नाले से बढ़ रहा हादसों का खतरा, सुरक्षा व्यवस्था की मांग


धमतरी, 03 जून (हि.स.)।धमतरी जिले के कुरुद ब्लाक के ग्राम पंचायत उमरदा बायपास मार्ग से कुरुद नगर में प्रवेश कर कलारपारा एवं गांधी चौक जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित एडवेंचर स्कूल के समीप अंधा मोड़ और खुला नाला लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। स्थानीय रहवासियों व राहगीरों ने यहां पर सुरक्षा मानक लगाने की मांग की है ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

एक ओर नगर में स्वच्छता और विकास कार्यों को लेकर तैयारियां की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर कई स्थानों पर मूलभूत सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्राम पंचायत उमरदा बायपास मार्ग से कुरुद नगर में प्रवेश कर कलारपारा एवं गांधी चौक जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित एडवेंचर स्कूल के समीप अंधा मोड़ और खुला नाला है। सड़क किनारे शहर की पानी निकासी के लिए निर्मित बड़ी नाली होने के बावजूद वहां डिवाइडर, सुरक्षा रेलिंग, गतिरोधक एवं चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए हैं, जिससे आए दिन राहगीर हादसों का शिकार हो रहे हैं।

स्थानीय नागरिक समारू सिन्हा ने कहा कि उमरदा बायपास से आने वाले वाहन चालक जैसे ही कुरूद नगर की ओर मुड़ते हैं, अंधे मोड़ के कारण उन्हें सामने स्थित नाली का अंदाजा नहीं लग पाता। इसके चलते साइकिल सवार, मोटरसाइकिल चालक तथा चार पहिया वाहन चालक संतुलन खोकर नाली में गिर जाते हैं। कुरुद निवासी गोकुलेश सिन्हा का कहना है कि यह नगर का प्रमुख प्रवेश मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन रहता है। इसके बावजूद सुरक्षा संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर और डिवाइडर जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

ग्रामीण टोमनलाल सिन्हा ने मांग की है कि दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए तत्काल नाली किनारे मजबूत डिवाइडर, सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं गतिरोधक लगाए जाएं। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। महिला धनेश्वरी ध्रुव का कहना है कि मोड़ के पास गिरने से कई लोगों को चोटें भी लग चुकी हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के स्थायी उपाय नहीं किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नगर में आने-जाने वाले लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story