कांग्रेस और युवा कांग्रेस का सांगठनिक ढांचा पूरी तरह ध्वस्त : भाजयुमो

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस और युवा कांग्रेस का सांगठनिक ढांचा पूरी तरह ध्वस्त : भाजयुमो


रायपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने प्रदेश में चल रहे युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, इस चुनावी प्रक्रिया ने कांग्रेस के आंतरिक लोकतंत्र और संगठनात्मक ढांचे की बची-खुची साख भी समाप्त कर दी है।

राहुल टिकरिहा ने शनिवार काे आरोप लगाया कि, संगठनात्मक चुनाव के बहाने कांग्रेस के भीतर नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई खुलकर सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी के बड़े नेताओं के बीच चल रहे मतभेद और गुटबाजी सार्वजनिक हो गई है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अंतर्विरोध और गुटबाजी इस स्तर तक पहुंच चुकी है कि जो नेता अब तक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थक माने जाते थे, वही अब उनके खिलाफ खुलकर मैदान में उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा बघेल समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस के भीतर सत्ता और वर्चस्व की लड़ाई अब खुलकर सामने आ चुकी है।

टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस में अनुशासनहीनता चरम पर है तथा संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह बिखर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस का चुनाव धनबल और प्रभावशाली लोगों तक सीमित होकर रह गया है, जिसमें सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर कार्यकर्ताओं के लिए कोई अवसर नहीं बचा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता युवा कांग्रेस की वर्तमान स्थिति को देख रही है। जिस संगठन में अनुशासन और आंतरिक एकजुटता का अभाव हो तथा जो केवल नेताओं की आपसी खींचतान का मंच बन गया हो, वह प्रदेश के युवाओं का प्रभावी नेतृत्व करने में सक्षम नहीं हो सकता। टिकरिहा ने दावा किया कि कांग्रेस का संगठनात्मक बिखराव इस बात का संकेत है कि पार्टी पूरी तरह दिशाहीन हो चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story