अंबिकापुर में भाजयुमो का 'नारी शक्ति वंदन' हस्ताक्षर अभियान कल
अंबिकापुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सरगुजा जिले में नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित एक वृहद हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया जा रहा है। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत यह भव्य आयोजन 16 अप्रैल 2026 को स्थानीय राजमोहिनी देवी भवन में संपन्न होगा।
इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा पारित ऐतिहासिक 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए भाजयुमो सरगुजा के जिला महामंत्री अनीश सिंह ने बताया कि इस अभियान का प्राथमिक उद्देश्य महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए क्रांतिकारी कदमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और समाज में महिलाओं के सम्मान को सुदृढ़ करना है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पंचायतों से लेकर पार्लियामेंट तक महिलाओं को मिलने वाला 33 प्रतिशत आरक्षण भारतीय राजनीति में एक युगांतकारी बदलाव लेकर आएगा। यह कदम 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को सिद्ध करने में महिलाओं की निर्णायक भूमिका सुनिश्चित करेगा।
भाजयुमो ने जिले की समस्त महिलाओं और मातृशक्ति से इस हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और महिला सशक्तिकरण की इस मुहिम को सफल बनाने का पुरजोर आह्वान किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

