संत रविदास की 650वीं जयंती: तैयारियों को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण कार्यशाला संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
संत रविदास की 650वीं जयंती: तैयारियों को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण कार्यशाला संपन्न


संत रविदास की 650वीं जयंती: तैयारियों को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण कार्यशाला संपन्न


रायपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में गुरुवार, 23 जुलाई को संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की आगामी 650वीं जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा तैयार करने हेतु एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला में संत रविदास जी के विचारों, सामाजिक समरसता के संदेश और उनके जीवन दर्शन को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रस्तावित कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों और शिक्षा के माध्यम से समाज से भेदभाव को मिटाकर समरसता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में वाराणसी में संत रविदास का भव्य स्मारक आकार ले रहा है, जो उनकी विरासत को सहेजने का ऐतिहासिक कार्य है। इस उपलक्ष्य में भाजपा की एक विशेष टीम 27 तारीख को वाराणसी जाकर वहाँ से कलश में पवित्र माटी एवं जल लेकर छत्तीसगढ़ आएगी। इस पवित्र जल और माटी को प्रदेश के सभी प्रमुख देव स्थलों और मंदिरों में ले जाया जाएगा, जहाँ विशेष सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि संत रविदास एक ऐसे महान संत थे जिन्होंने श्रम की प्रतिष्ठा, समानता और मानवीय मूल्यों को सर्वाेपरि रखा। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए केंद्र सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मंदिरों और देव स्थलों पर होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक संत रविदास जी के विचारों और संदेशों को पहुँचाया जाएगा।

राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री पासवान ने बताया कि जयंती वर्ष के दौरान प्रदेशभर में सामाजिक समरसता यात्राओं, विचार गोष्ठियों और संत रविदास जी की शिक्षाओं पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया गया, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक संत रविदास जी का संदेश पहुँच सके।

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि पार्टी का यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संत रविदास जी के विचारों को हर घर तक पहुँचाने का संकल्प है। प्रदेशभर में आयोजित होने वाली कार्यशालाओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। 27 तारीख को वाराणसी से कलश में पवित्र जल और माटी लाने वाली टीम के स्वागत से लेकर प्रदेश के सभी प्रमुख देव स्थलों तक उसे पहुँचाने की व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू किया जाएगा, ताकि आयोजन भव्य और सर्वसमावेशी बने।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी इस अवसर पर प्रदेशभर में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाएगी। वाराणसी में बन रहे भव्य स्मारक स्थल से 27 तारीख को कलश में पवित्र माटी व जल लाने के लिए विशेष टीम रवाना होगी। इसके बाद इस पवित्र माटी व जल को राज्य के सभी प्रमुख मंदिरों और देव स्थलों तक पहुँचाने का कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में 25, 26, 27 जुलाई तक कार्यशाला होगी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा द्वारा प्रदेशभर में विविध आयोजनों की रूपरेखा तैयार की गई है। संत रविदास जी का कर्तृत्व और उनके विचार भारतीय संस्कृति के अमूल्य धरोहर हैं।

इस कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, शंकर अग्रवाल, श्रीमती रंजना साहू, डॉ. सनम जांगड़े, हरिनाथ खुटे, संतोष दास, ध्रुव कुमार मिर्धा, खेमराज बाकरे सहित समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story