भाजपा केवल शब्दों में नहीं, अंत्योदय की भावना के साथ सबके लिए काम करती है : कुँवर बासित अली

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा केवल शब्दों में नहीं, अंत्योदय की भावना के साथ सबके लिए काम करती है : कुँवर बासित अली


रायपुर 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुँवर बासित अली ने रविवार को रायपुर में पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। अली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की बात करती है, तो वह 140 करोड़ लोगों की बात करती है।कांग्रेस की जब-जब सरकारें रही हैं, उसने तुष्टीकरण और वोट बैंक के तहत अल्पसंख्यक समाज को लटकाने, भटकाने, बहकाने का काम किया और भाजपा का डर दिखाकर वोट लेने का काम किया। लेकिन जब-जब उनकी सरकारें आईं, उन्होंने मुसलमानों के लिए कोई योजना नहीं बनाई, उन पर केवल सियासत की।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अली ने कहा कि भाजपा देशभक्ति, राष्ट्रनीति और 140 करोड़ लोगों की चिंता के साथ आज 12 साल से केंद्र में मोदी जी की सरकार चला रही है। चाहे उज्ज्वला योजना हो, आयुष्मान भारत हो, प्रधानमंत्री आवास हो, शौचालय हो, या छत्तीसगढ़ में चलने वाली महतारी वन्दन योजना हो, अल्पसंख्यक समाज की बहनों के लिए तीन तलाक का बिल हो और महिला सशक्तीकरण के लिए आने वाला आरक्षण का बिल हो, जो महिलाओं को सम्मान देगा, यह केवल भाजपा की सरकार ही कर सकती है और मोदी के नेतृत्व में ही हो सकता है।

कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के बहकावे में आकर उनसे आर्थिक और अन्य प्रकार के लाभ लेकर देश को तोड़ने, देश के खिलाफ षड्यंत्र करने और लटकाने, भटकाने, बहकाने का काम करती है। कांग्रेस के नेता जब-जब विदेश जाते हैं, विदेश से लौटकर एक नई अफवाह देश में चलाने का काम करते हैं और विदेश में देश को बदनाम करने का काम करते हैं। आज देश का विश्वास भाजपा के साथ है।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अली ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा किस प्रकार विधानसभा में जीते, सक्षम उम्मीदवार आए, उसके सर्वे के व्यापक आधार पर टिकट देती है और जब सरकार आती है तो सबके लिए काम करती है। सरकार आने के बाद प्रमाण के रूप में दानिश आजाद अंसारी जी उत्तर प्रदेश में एमएलसी हैं और प्रदेश सरकार में मंत्री हैं। यहाँ तमाम बोर्ड के चेयरमैन बैठे हैं। इससे तय हो जाता है कि हम केवल सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास कहते नहीं हैं, अंत्योदय की भावना और गरीब कल्याण की भावना के साथ, वोट बैंक की राजनीति से परे, हर तबके तक सरकार की नीतियों का लाभ पहुँचाते हैं।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास और सरकार की ऐसी कई योजनाएँ है, जिसका लाभ अल्पसंख्यक समाज को मिल रहा है। आज हर योजना में अल्पसंख्यक समाज की बड़ी भागीदारी है और आबादी से ज्यादा हिस्सेदारी है। किसी भी स्कीम को उठाकर देख लीजिए, सबसे ज्यादा लाभ अगर किसी का हुआ है तो भाजपा की सरकारों में अल्पसंख्यक समाज का हुआ है। यह कोई वोट बैंक की सियासत नहीं है, यह आर्थिक आधार पर जो पिछड़े हैं, जो छूट गए हैं, जो कहीं रह गए हैं, उनको सरकार मजबूत करने का और सामाजिक रूप से आगे लाने का काम कर रही है।

अल्पसंख्यक समाज की जरूरतों को हमारी सरकार ने समझा और गंभीरता से काम किया : दानिश आजाद अंसारी

उत्तर प्रदेश में एमएलसी एवं मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि आज सरकार की जो अलग-अलग योजनाएं हैं, लेकिन पहले अल्पसंख्यक समाज की जो योजनाएं थीं, केवल उन्हीं का लिमिटेड लाभ अल्पसंख्यक समाज को मिलता था, लेकिन आज अलग-अलग विभागों की योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समाज को मिल रहा है, आयुष्मान योजना, राशन योजना, हमारी प्रधानमंत्री आवास योजना, इन तमाम योजनाओं में बड़ी हिस्सेदारी है। इसके साथ-साथ प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के माध्यम से अल्पसंख्यक क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का काम किया गया है, यानी कि 25 फीसदी से ज्यादा जहाँ अल्पसंख्यक आबादी है, वहाँ प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के माध्यम से हमने स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटल खोले हैं, सीएचसी, पीएचसी खोले हैं, स्टेडियम्स खोले हैं।

अंसारी ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को शिक्षा से और रोजगार से जोड़ने के लिए अलग-अलग प्रदेशों में मोदी सरकार के नेतृत्व में हम लगातार सार्थक प्रयास कर रहे हैं। मुस्लिम बहनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए, उनके स्किल डेवलपमेंट के लिए काम किया जा रहा है, ट्रिपल तलाक के दंश से उनको मुक्त कराने के लिए काम किया जा रहा है। अल्पसंख्यक समाज की जो जरूरत थी, उन जरूरतों को हमारी सरकार ने समझा और गंभीरता से काम किया।

पत्रकार वार्ता में वफ्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉक्टर सलीम राज, अल्पसंख्यक मोर्चा छत्तीसगढ़ एजाज मिर्जा अध्यक्ष हज कमेटी, प्रभारी मोहम्मद सद्दाम, मोर्चा प्रदेश प्रभारी मनोज जैन, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर खान, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश महामंत्री साजेन, जावेद रब्बानी, अल्पसंख्यक मोर्चा मीडिया प्रभारी सचिन मसीह, उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story