लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता


लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता


धमतरी , 31 अक्टूबर (हि.स.)। लोकतंत्र की रक्षा और राष्ट्रहित का संदेश लेकर शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में पदयात्रा निकाली। लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ के नारे के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर से हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पदयात्रा शांति वाटिका पहुंची, जहां जनसभा हुई। इसमें प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, कुरुद विधायक अजय चंद्राकर और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

पदयात्रा सुबह 10 बजे बिलाईमाता मंदिर के पास स्थित गोशाला मैदान से शुरू हुई। सदर बाजार, घड़ी चौक और सिंहावा चौक होते हुए कार्यकर्ता शांति वाटिका पहुंचे। यहां आयोजित सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि लोकतंत्र देश की संवैधानिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसकी रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ समाज के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से सुनिश्चित होती है। समाज में शांति, सद्भाव और विकास का वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित, जनकल्याण और संगठनात्मक एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं बल्कि जनता की आकांक्षाओं, अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। इसे मजबूत बनाए रखने के लिए नागरिकों में जागरूकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर सजग रहने और समाज के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने की बात कही। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए जागरूक समाज और जिम्मेदार राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन, जनभागीदारी और सामाजिक सद्भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, जिला प्रभारी डा. किरण बघेल, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, पिंकी शिवराज शाह, श्रवण मरकाम, निरंजन सिन्हा, नेहरू निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, उपाध्यक्ष गौकरण साहू, पंडित राजेश शर्मा, कौशल्या देवांगन, उमेश साहू सहित वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश साहू एवं आभार प्रदर्शन महेंद्र पंडित ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story