भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह, 11 से 18 नवंबर तक होंगे विविध आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह, 11 से 18 नवंबर तक होंगे विविध आयोजन


विद्या सिदार ने पत्रकारवार्ता में दी जानकारी, जनजातीय महापुरुषों के इतिहास, संस्कृति और केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी

जांजगीर-चांपा, 12 नवंबर (हि. स.)। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

इस संबंध में जिला भाजपा कार्यालय में गुरुवार को प्रदेश भाजपा मंत्री विद्या सिदार ने पत्रकारवार्ता कर कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

विद्या सिदार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के गौरव और सम्मान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित करना जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सम्मान देने का प्रयास है।

उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

भाजपा द्वारा आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत विभिन्न रचनात्मक और जनजागरण कार्यक्रम होंगे। इनके माध्यम से जनजातीय महापुरुषों के बलिदान, समाज की गौरवशाली विरासत और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। विद्या सिदार ने जिलेवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने की अपील की।

प्रेसवार्ता में जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लखन सिंह कंवर, दुल्हरिन चौरसिया, धरम सिदार एवं हितेश राज उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story