संविधान बचाने का नारा लगाने से पहले कांग्रेस अपने इतिहास का जवाब दे : शताब्दी पाण्डे

WhatsApp Channel Join Now
संविधान बचाने का नारा लगाने से पहले कांग्रेस अपने इतिहास का जवाब दे : शताब्दी पाण्डे


रायपुर, 24 नवम्बर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे ने संविधान गौरव दिवस के अवसर पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, संविधान बचाने का नारा लगाने वाली कांग्रेस को पहले अपने इतिहास और वर्तमान आचरण का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए संविधान किसी राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं, बल्कि राष्ट्रजीवन का आधार है। भाजपा संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है।

मंगलवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पाण्डे ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से इस दिन को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, ताकि संविधान और डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान के प्रति जागरूकता बढ़े।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास संवैधानिक मर्यादाओं के उल्लंघन से भरा है। वर्ष 1959 में केरल की निर्वाचित सरकार को बर्खास्त करना और 25 जून 1975 को आपातकाल लागू कर विपक्षी नेताओं को जेल में डालना, प्रेस की स्वतंत्रता तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों पर अंकुश लगाना इसके उदाहरण हैं। उन्होंने 42वें संविधान संशोधन का भी उल्लेख किया।

पाण्डे ने राहुल गांधी और कांग्रेस के वर्तमान रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि संसद की कार्यवाही बाधित करना और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने विदेशों में भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक भूमिका को लेकर दिए गए बयानों पर भी आपत्ति जताई।

राजस्थान पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव जीते तो ईवीएम पर सवाल उठाना और कांग्रेस की जीत को लोकतंत्र की जीत बताना उचित नहीं है। पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस को संविधान बचाने का नारा लगाने से पहले उसके मूल्यों का सम्मान करना और उन्हें अपने आचरण में उतारना सीखना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782718 Articles

Share this story