भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव छत्तीसगढ़ लाैटे, एयरपाेर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
रायपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव इलाज पूरा होने के बाद आज बुधवार काे दिल्ली से छत्तीसगढ़ रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे। इस माैके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
उनके स्वागत के लिए कैबिनेट मंत्री, विधायक, सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने भी किरण सिंह देव का स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए किरण सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की पावन धरा पर वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। बेड रेस्ट के दौरान बहुत से लोगों का साथ और भरपूर प्यार मिला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से लेकर एक छोटे से कार्यकर्ता ने भरपूर साथ दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष और अन्य राजनीतिक दलों का भी खूब प्रेम प्राप्त हुआ है। सभी का धन्यवाद ज्ञापित करना चाहता हूं। सभी की प्रार्थना और विश्वास का ही असर है, जिससे मैं स्वस्थ लौट आया हूं।
उल्लेखनीय है कि किरण सिंह देव 29 जुलाई को परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर नेशनल हाईवे-44 पर उनकी इनोवा आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इसके बाद उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया, जहां मेदांता अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया। हादसे के बाद से उनका इलाज दिल्ली में ही चल रहा था। अब उपचार पूरा होने के बाद वे वापस छत्तीसगढ़ लौट आए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

