भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने आशा भोंसले के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने आशा भोंसले के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया


रायपुर 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका आशा भोंसले के देहावसान पर गहन शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि आशा भोंसले जी के निधन की खबर सुनकर मन अत्यंत व्यथित है। भारतीय संगीत जगत का एक स्वर्णिम अध्याय आज समाप्त हो गया। देव ने कहा कि सात दशकों तक भारतीयों के मनो-मस्तिष्क पर छाई रही सुरों की जादुई आवाज आज खामोश हो गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि भारतीय संगीत की अनमोल धरोहर, सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका आशा भोंसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद और मर्माहत करने वाला है। संगीत के प्रति उनका समर्पण और उनकी आवाज की विविधता ने उन्हें विश्व भर में 'वर्सेटाइल क्वीन' के रूप में स्थापित किया। उन्होंने शास्त्रीय संगीत से लेकर पॉप, गजल और कैबरे तक हर विधा में अपनी अमिट छाप छोड़ी। संगीत जगत में उनके नाम दर्जनों रिकॉर्ड्स रहे, लेकिन उनका सबसे बड़ा रिकॉर्ड करोड़ों प्रशंसकों का प्यार है। श्री देव ने कहा कि स्वर कोकिला आशा ताई का चले जाना न केवल संगीत जगत के लिए बल्कि पूरी मानवता के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी आवाज हमारे बीच सदा अमर रहेगी। देव ने कहा कि हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके शोकाकुल परिवार तथा अनगिनत प्रशंसकों को यह असीम दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story