भाजपा सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत को संजोने का काम किया : गुरूप्रकाश पासवान

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत को संजोने का काम किया : गुरूप्रकाश पासवान


रायपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरुप्रकाश पासवान ने भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि, इस वर्ष संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती का कार्यक्रम है। भाजपा का ध्येय और विचार है राष्ट्र प्रथम व सांस्कृतिक विरासत। सांस्कृतिक विरासत में समरसता के संत प्रतिनिधि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज उनके जीवन का दर्शन उनके विचार और उनका संदेश है कि समाज में जो भेदभाव है वह दूर कैसे हो? आज उनके जीवन से हम क्या प्रेरणा ले सकते हैं? श्री पासवान ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी एकमात्र पॉलीटिकल पार्टी है जो एक वैचारिक आंदोलन भी है और यह वैचारिक आंदोलन हमें प्रेरित करता है कि समाज को जोड़ने का काम कैसे करें।

भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री पासवान ने कहा कि, एक तरफ ऐसी शक्तियां है जो भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर भारत को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, समाज में जाति, भेदभाव के नाम से राजनीति करती है लेकिन भाजपा की प्रतिबद्धता है समाज में एकता सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और समावेशिता। इसी प्रतिबद्धता के निमित्त हमारी पार्टी देशव्यापी अभियान शुरू कर रही है 650वीं जन्म जयंती से पूरे देश में यात्रा होगी, पूरे देश में संपर्क होगा और गुरु रविदास के जीवन से जुड़े दर्शन उनके विचारों को हम पूरे देश में लेकर जाने वाले हैं।

श्री पासवान ने कहा कि, सरल बातों में महत्वपूर्ण बातें कैसे कही जाती है, यह हमें गुरु रविदास महाराज बताते हैं। मीरा बाई उनकी शिष्या रही, रामानंद के वे शिष्य रहे, कबीर, रविदास, गुरु नानक हमारे इतिहास के प्रहरी हैं। आज हमें उनसे सीखने की आवश्यकता है। हमारा विचार परिवार है, हमारा दर्शन है, हमारा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद है, हमारा सिविलाइजेशन है और उस सिविलाइजेशन कॉन्शसनेस के माध्यम से भाजपा ने बड़ा ही पावन पवित्र काम हाथ में लिया है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री पासवान ने बताया कि, इस अभियान के तहत पूरे देश में कलश यात्रा निकलेगी, छात्रावास में हम संपर्क करेंगे। हम यह बात पूरी संवेदनशीलता के साथ कहना चाहते हैं संत रविदास हमारे लिए प्रेरणापुंज है, प्रेरणा पुरुष हैं। सामाजिक एकता का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब अंबेडकर से जुड़े सभी स्थानों को तीर्थ का दर्जा दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जो टीम है, वह प्रदेश की सभी 36 संगठन जिलों में जाएगी, संपर्क करेगी और समाज में एकता, संवेदनशीलतख व समावेशिता का एक संकल्प लेने का काम भी करेगी। आज पूरे देश में भारत विरोधी ताकतें सक्रिय हो जाती हैं, ऐसे में एक सक्रिय नागरिक होने के नाते सामाजिक समरसता हम सबका दायित्व है और विशेष रूप से भाजपा कार्यकर्ताओं का। पिछले 11 -12 वर्षों में हमने देखा है, सामाजिक न्याय हो समानता हो, पहली बार संविधान के सर्वाेच्च स्थान पर आदिवासी की बेटी बैठी है। राहुल गांधी और विपक्ष के जितने नेता हैं, उनके लिए सामाजिक न्याय मात्र शब्द ही हैं जबकि हमारे लिए प्रतिबद्धता है। भाजपा में दलित समाज का मुख्यमंत्री बनता है छत्तीसगढ़ व ओड़िशा में आदिवासी समाज का मुख्यमंत्री बनता है यह एक कमिटमेंट का विषय है प्रतिबद्धता का विषय है वैचारिक मजबूती का विषय है। श्री पासवान ने कहा कि अगले वर्ष की माघ पूर्णिमा तक संत गुरु रविदास जी के जन्म जयंती तक हमारा यह अभियान सक्रियता से चलेगा और पूरी पार्टी समाज के हर वर्ग में जाएगी और हर वर्ग में जाकर सुनिश्चित करने का काम करेगी कि कैसे हम आज भी संत गुरु रविदास के संदेश से उनके संकल्पों से उनकी सीख से प्रेरणा लें और समाज में एकता और समानता का संदेश दें।

इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, जिला अध्यक्ष रायपुर ग्रामीण श्याम नारंग, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, ध्रुव कुमार मिर्धा मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story