कांग्रेस की ‘सट्टा सरकार’ के संरक्षण में पल रहे घोटालेबाज अब पाताल से भी खींचे जा रहे : भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस की ‘सट्टा सरकार’ के संरक्षण में पल रहे घोटालेबाज अब पाताल से भी खींचे जा रहे : भाजपा


रायपुर 08 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने आज बुधवार काे महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के मुख्य आरोपी और मास्टरमाइण्ड सौरभ चन्द्राकर की ओमान में हुई गिरफ्तारी के मद्देनजर तत्कालीन कांग्रेस सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्रीय जाँच एजेंसियों की तत्परता और जीरो टॉलरेंस की नीति का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी को सट्टे के दलदल में धकेलने वाला मुख्य गुनहगार आज सलाखों के पीछे है। उसे ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया जा रहा है और अब इस 5 हजार करोड़ रुपए के महाघोटाले के असली 'आकाओं' के चेहरे बेनकाब होकर रहेंगे।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस शासनकाल पर कड़ा कटाक्ष करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में भूपेश बघेल की सरकार 'सट्टा सरकार' के रूप में याद की जाएगी। जिस भिलाई के लड़के ने 2019 से हजारों करोड़ रुपए का साम्राज्य खड़ा कर लिया, वह तत्कालीन कांग्रेस सरकार की नाक के नीचे फल-फूल रहा था। क्या यह मुमकिन है कि बिना राजनीतिक संरक्षण और सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों के वरदहस्त के बिना इतना बड़ा सट्टा और मनी लॉन्ड्रिंग का खेल साल-दर-साल चलता रहा? छत्तीसगढ़ की जनता सब समझ रही है कि उस वक्त कार्रवाई के नाम पर सिर्फ लीपापोती क्यों की जा रही थी!

डॉ. मिश्रा ने कहा कि जब भाजपा और केन्द्रीय एजेंसियां इस घोटाले की परतें खोल रही थीं, तब कांग्रेस के नेता इसे राजनीतिक द्वेष का नाम देकर छाती पीट रहे थे। आज जब इंटरपोल के रेड नोटिस पर ओमान पुलिस ने मास्टरमाइण्ड को दबोचा है, तो कांग्रेस के खेमे में सन्नाटा पसरा है! यह गिरफ्तारी छत्तीसगढ़ के उन लाखों युवाओं के साथ न्याय की शुरुआत है, जिनका भविष्य इस सिण्डिकेट ने बर्बाद किया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के राज में जिन अपराधियों को अभयदान मिला हुआ था, भाजपा सरकार में उन्हें पाताल से भी ढूँढ़ निकाला जा रहा है। दुबई की आलीशान शादियों और करोड़ों के लेन-देन के तार रायपुर के मुख्यमंत्री निवास तक कैसे जुड़े थे, इसका सच अब जनता के सामने आने वाला है। छत्तीसगढ़ की अस्मिता और युवाओं की गाढ़ी कमाई को लूटने वाले किसी भी भ्रष्टाचारी या उनके राजनीतिक आकाओं को बख्शा नहीं जाएगा। डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून के हाथ बहुत लम्बे हैं। 'कका' का संरक्षण अब खत्म हो चुका है और दिल्ली से लेकर रायपुर तक बैठी भाजपा सरकार अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुँचाने के लिए संकल्पित है। सौरभ के भारत आते ही इस घोटाले की जो कड़ियाँ खुलेंगी, वे सीधे तौर पर कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के महल को ढहा देंगी। छत्तीसगढ़ की जनता से धोखाधड़ी करने वालों को अपने कर्मों की सजा भुगतनी ही होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story