कांग्रेस पार्टी शहरी नक्सलियों और देशतोड़क ताकतों का राजनीतिक मोर्चा : भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस पार्टी शहरी नक्सलियों और देशतोड़क ताकतों का राजनीतिक मोर्चा : भाजपा


रायपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेताओं पर करारा प्रहार करते हुए कहा है कि कांग्रेसियों के तो डीएनए में ही डीएनए (‘दिमागी नक्सली एसोसिएशन’ यानी 'डी' से दिमागी, 'एन' से नक्सली और 'ए' से एसोसिएशन) समाया हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब विशुद्ध रूप से शहरी नक्सलियों और देशतोड़क ताकतों का राजनीतिक मोर्चा बन चुकी है।

पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों को 'दिमागी नक्सलियों' से सतर्क रहने की अपील करने के बाद जिस प्रकार पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद ने बेशर्मी के साथ खुद को ‘दिमागी नक्सली’ बताते हुए इस पर गर्व जताया है, उसने कांग्रेस के राष्ट्रविरोधी चेहरे को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है।

भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद पाण्डेय ने आज अपने बयान में कहा कि छत्तीसगढ़ ने दशकों तक लाल आतंक का दंश झेला है। जहाँ हजारों निर्दोष ग्रामीणों, आदिवासियों और सुरक्षा बलों के वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जहाँ नक्सलियों ने कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की एक पूरी पीढ़ी की बलि ले ली, उसी छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रभारी और केंद्र में गृह मंत्री रह चुके नेता खुलेआम नक्सली सोच की वकालत कर रहे हैं। जब देश का गृह मंत्री रहा व्यक्ति खुद को 'दिमागी नक्सली' कहे, तो इससे बड़ा राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ और क्या हो सकता है? यह सीधे-सीधे उन वीर जवानों के बलिदान का खुला अपमान है जो बस्तर के जंगलों में तिरंगे की आन-बान-शान के लिए लड़ते हैं।

श्री पाण्डेय ने तीखे शब्दों में कहा कि कांग्रेस और नक्सलियों का यह वैचारिक और राजनीतिक भाईचारा कोई नया नहीं है। जब-जब सुरक्षा बल नक्सलियों पर कड़ा प्रहार करते हैं, तब-तब कांग्रेस के 'दिमागी नक्सली' उनके मानवाधिकारों का ढोंग रचकर ढाल बनकर खड़े हो जाते हैं। कांग्रेस पार्टी अब विशुद्ध रूप से शहरी नक्सलियों और देशतोड़क ताकतों का राजनीतिक मोर्चा बन चुकी है।

पाण्डेय ने दो टूक कहा कि छत्तीसगढ़ और देश के नागरिक अब कांग्रेस के इस राजनीतिक पाखण्ड को बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भाजपा सरकार लाल आतंक को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए संकल्पित है। कांग्रेस चाहे नक्सलियों की कितनी भी पैरोकारी कर ले, देश की जनता कांग्रेस के इस 'दिमागी नक्सली एसोसिएशन' को पूरी तरह से नकार चुकी है और आने वाले समय में इसे पूरी तरह सबक सिखाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story