गीदम नगर पंचायत के भाजपा अध्यक्ष ने वीडियो जारी कर सरकार से सड़क निर्माण की मांग
कांग्रेस ने कहा भाजपा के नेता स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि इनकी सरकार में विकास काम नहीं हाे रहे
दंतेवाड़ा, 23 सितंबर (हि.स.)। जिले के गीदम नगर पंचायत के भाजपा अध्यक्ष रजनीश सुराना ने प्रदेश सरकार पर सड़कों की बदहाली को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने जगदलपुर-बीजापुर एनएच-63 और हारम से दंतेवाड़ा तक खराब सड़कों को लेकर आज बुधवार काे वीडियो जारी कर सरकार से सड़क निर्माण की मांग की है।
वीडियो में रजनीश सुराना ने कहा कि वैसे तो नगरवासी होने के नाते मेरा अधिकार है कि मैं अच्छी सड़क पर चलूं, लेकिन मैं सरकार से भीख मांगता हूं कि हमें अच्छी सड़क दीजिए। उन्होंने कहा कि बारिश होगी तो सड़क पर पानी गिरेगा और गड्ढे भी हो सकते हैं, लेकिन सवाल यह है कि सड़क कितने समय तक टिकती है और निर्माण के बाद उसकी गुणवत्ता की जिम्मेदारी कौन लेता है? उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें इसलिए चुना है कि वे उनकी आवाज उठाएं। जब जनता को अपनी समस्याओं के लिए खुद आवाज उठानी पड़ रही है, तो जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े होते हैं। वहीं लोगों ने भी सड़क की बदहाली को लेकर विरोध जताया है।
बदहाल सड़कों और फंड नहीं मिलने से नाराज रजनीश सुराना ने कहा कि जनता हमसे पूछ रही है कि हम क्या कर रहे हैं? हमें चुल्लू भर पानी में डूब मरने का मन करता है। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों के पेचवर्क पर भी सवाल उठाए और कहा कि जनता का गुस्सा बढ़ रहा है। चेतावनी दी कि जिस दिन जनता सड़क पर उतर गई, संभालना मुश्किल हो जाएगा। वीडियो में रजनीश सुराना ने कहा कि योजना बनाने की जिम्मेदारी उनकी है, लेकिन योजनाओं के लिए फंड उपलब्ध नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को ऊपर तक पहुंचा रहे हैं और अब जिम्मेदार लोगों की जिम्मेदारी है कि सड़क के लिए राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि काम कराया जा सके। उन्होंने पेचवर्क को लेकर अधिकारियों और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क पर काम तो होता है, लेकिनअधिकारी, ठेकेदारों के साथ मिलकर पेचवर्क के नाम पर भ्रष्टाचार कर रहे हैं।
वहीं गीदम नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश सुराना का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। तूलिका कर्मा ने कहा कि भाजपा नेता की स्थिति देखकर लगता है कि इनकी हालत वाकई डूब मरने की हो गई है। उन्हाेंने कहा कि भाजपा के नेता स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि इनकी सरकार में कोई भी विकास काम नहीं हो रहा है। जनता वाकई परेशान है। कांग्रेस हमेशा जनता के मुद्दों को उठाई है। भाजपा की सरकार में सड़कों की बदहाल स्थिति है। ये खुद भाजपा के लोग मान रहे हैं। इनकी असलियत जनता समझ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

