अंबिकापुर में भाजपा की रणनीतिक बैठक, 30 मार्च से मंडल प्रशिक्षण अभियान का आगाज
अंबिकापुर, 28 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत 30 मार्च से शुरू होने वाले मंडल प्रशिक्षण अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सरगुजा भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाभियान संगठन की रीढ़ को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और इसे अपने व्यक्तित्व व संगठनात्मक कौशल को निखारने का अवसर बनाने का आह्वान किया। पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने भी कार्यकर्ताओं के वैचारिक प्रशिक्षण को भाजपा की सफलता का मूल आधार बताते हुए मंडल स्तर तक मजबूत टीम तैयार करने पर जोर दिया।
भाजपा महामंत्री विनोद हर्ष ने प्रशिक्षण अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह कार्यशालाएं कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यशैली से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से सफल बनाने की अपील की। वहीं मधुसूदन शुक्ला ने जानकारी दी कि आगामी 9 अप्रैल को भाजपा के वरिष्ठ नेता पंडित रविशंकर त्रिपाठी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
बैठक में “मन की बात” कार्यक्रम को सफल बनाने और “सरल पोर्टल” के प्रभावी उपयोग को लेकर भी चर्चा की गई। जनमेजय मिश्रा ने इन विषयों पर कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी। मंडल स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा, भागीदारी और संगठनात्मक मजबूती के विभिन्न पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री अरुणा सिंह ने किया, जबकि अंत में जिला उपाध्यक्ष विकास पांडेय ने आभार व्यक्त किया। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

