भाजपा ने समरसता संकल्प व हर घर तिरंगा अभियान पर किया कार्यशाला आयोजित
बीजापुर, 26 जुलाई (हि.स.)। भाजपा जिला कार्यालय अटल सदन में आज रविवार को गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान एवं हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा को लेकर जिलास्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में आगामी अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठनात्मक रूप से सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव का संदेश देने का माध्यम है, जबकि हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दोनों अभियानों में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए इन्हें घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर तिरंगा फहराने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए समाज में संस्कार, समरसता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यशाला में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट, प्रदेश प्रवक्ता टिकेश्वर जैन, जिला प्रभारी दीपेश अरोरा, जिलाध्यक्ष घासीराम नाग सहित भाजपा के प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

