भाजपा नेताओं ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा नेताओं ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें किया नमन


कोरबा, 31 अक्टूबर (हि. स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर कोरबा के दर्री स्थित साडा कॉलोनी में आज शनिवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। साथ ही देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस का प्रतीक है। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि, सरदार पटेल स्वतंत्रता संग्राम के महानायक होने के साथ आधुनिक भारत के प्रमुख शिल्पकार भी थे। उनके दृढ़ नेतृत्व, संगठन क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया। गुजरात में स्थापित विश्वप्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनकी महान विरासत और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती सामाजिक समरसता को मजबूत करने और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, रायपुर सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला उपाध्यक्ष लकी नंदा, प्रफुल्ल तिवारी, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story