27 हजार बूथों पर 2.70 लाख ‘किसान मितान’ बनाएगी भाजपा, ‘किसान मितान ऐप’ हुआ लॉन्च

WhatsApp Channel Join Now
27 हजार बूथों पर 2.70 लाख ‘किसान मितान’ बनाएगी भाजपा, ‘किसान मितान ऐप’ हुआ लॉन्च


27 हजार बूथों पर 2.70 लाख ‘किसान मितान’ बनाएगी भाजपा, ‘किसान मितान ऐप’ हुआ लॉन्च


-हमारी सरकार ने किसानों से किया गया हर वादा पूरा किया है - विष्णुदेव साय

रायपुर 05 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के द्वारा गुरुवार काे आयाेजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में आगामी सांगठनिक लक्ष्यों और किसान कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। सम्मेलन में प्रदेश भर से आए किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार देश में सर्वाधिक ₹3,100 प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य दे रही है। यह भाजपा के किसान हितैषी संकल्प का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों से किया गया हर वादा पूरा किया है और आगे भी किसानों के हित में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने हाल ही में आए चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए मोर्चा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे प्रभावित किसानों के पास जाकर फसल बीमा और राहत संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण कराएं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार हर किसान के साथ खड़ी है और कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित नहीं रहेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने महत्वपूर्ण घोषणा की कि आगामी 4 महीनों में प्रदेश के 27,000 बूथों पर कुल 2 लाख 70 हजार ‘किसान मितान’ तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर 10 किसान मितान नियुक्त किए जाएंगे, जो गांव-गांव में किसानों के सच्चे साथी और भाजपा सरकार की योजनाओं के सेतु के रूप में कार्य करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने किसानों से सीधे संपर्क, संवाद और त्वरित सहायता के लिए ‘किसान मितान ऐप’ का विधिवत उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि इस ऐप के माध्यम से किसान अब सीधे अपनी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताएं सरकार और संगठन तक पहुंचा सकेंगे। यह ऐप किसान और संगठन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगा।

किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने राज्य सरकार की ₹15,000 प्रति एकड़ सहायता योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा किसानों को दी जा रही यह सहायता पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ऐप के माध्यम से किसानों की सहायता करं0 और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों को सोशल मीडिया के जरिए जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसान मितान अभियान इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय दुगुनी करने और उन्हें सीधा लाभ पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैश्री ठाकुर ने बताया कि सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को गाँव, खलिहान और प्रत्येक किसान तक पहुँचाने के उद्देश्य से 'किसान मितान' का गठन किया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत किसानों की नीतिगत समस्याओं को संगठन के माध्यम से सत्ता और सम्बन्धित उचित मंच तक पहुंचाया जाएगा ताकि उनका समय पर समाधान हो सके। भाजपा किसान मोर्चा मंडलों के गठन के बाद अब मतदान केंद्र (पोलिंग बूथ) स्तर तक अपने संगठन का विस्तार कर रहा है।

सम्मेलन में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, राष्ट्रीय महामंत्री शंभू कुमार, राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव व पिंकी शिवराज शाह, प्रदेश प्रभारी पूनम चंद्राकर, मोर्चा महामंत्री राकेश तिवारी व डॉ. ओमप्रकाश देवांगन, प्रदेश मंत्री राजेश साहू एवं मीडिया प्रभारी वैभव वैष्णव सहित प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story