भाजपा किसान मोर्चा ने धान खरीदी एवं 15 हजार प्रोत्साहन राशि को बताया बड़ी मदद

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा किसान मोर्चा ने धान खरीदी एवं 15 हजार प्रोत्साहन राशि को बताया बड़ी मदद


सुकमा, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने आज साेमवार काे धान खरीद को लेकर आयाेजित पत्रकारवार्ता में धान खरीद से किसानों को मिल रही सुविधाओं की उपलब्धियां गिनाई। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष डमरूनाग ने कहा कि भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। सरकार न सिर्फ 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद कर रही है, बल्कि 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि भी किसानों को दे रही है।

सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है। सरकार की इस योजना का लाभ भी किसानों को बखूबी मिल रहा है। किसान आर्थिक रुप से मजबूत भी हुए हैं।

सुकमा के भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने कहा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीद जारी है। सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से धान खरीद रही है। यदि किसी किसान की फसल प्राकृतिक कारणों, कम बारिश या मौसम की मार से 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम होती है, तब भी उसे 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है। जिससे विपरीत परिस्थितियों में भी किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने कहा कि सरकार अब फसल विविधीकरण को भी बढ़ावा दे रही है, मक्का, ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो-कुटकी और दलहन-तिलहन जैसी फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। फसल विविधीकरण अपनाने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि देने की तैयारी है। बारसे ने कहा कि पहले जब ये इलाका नक्सल प्रभावित हुआ करता था, तब कई दिक्कतें सामने आती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। कई नए खरीद केंद्र बनाए गए हैं और सड़क निर्माण की वजह से लोग आराम से फसल लेकर केंद्र तक पहुंच रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story