भाजपा ने ओबीसी को सिर्फ बातों में नहीं, बल्कि सत्ता में हिस्सेदारी देकर सम्मान दिया है : अमरपाल मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने ओबीसी को सिर्फ बातों में नहीं, बल्कि सत्ता में हिस्सेदारी देकर सम्मान दिया है : अमरपाल मौर्य


कांग्रेस की राजनीति एक परिवार तक सीमित थी : अमरपाल मौर्य

रायपुर 19 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति एक परिवार तक सीमित रही, जबकि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछड़ा वर्ग समाज को राजनीतिक भागीदारी और सम्मान देने का काम किया है।

गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा कि भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने छत्तीसगढ़ में मंडल स्तर तक संगठनात्मक संरचना पूरी कर ली है। अब संगठन को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में मोर्चा की अग्रणी भूमिका सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि मोर्चा का उद्देश्य केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी समाजों के साथ समन्वय और संवाद स्थापित करना भी है

मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की जो योजनाएँ हैं, उनको समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना ही हमारा मूल संकल्प है। श्री मौर्य ने कहा कि देश की आजादी के बाद से ओबीसी समाज के प्रति कांग्रेस सरकारों की बड़ी उदासीनता रही है। कांग्रेस ने ओबीसी की हमेशा चर्चा की, लेकिन ओबीसी के जीवन के उत्थान में उनकी भूमिका क्या रही, यह सब जानते हैं।

कांग्रेस की राजनीति एक परिवार तक सीमित थी। श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 70 साल की व्यवस्था को बदला है। जिनको समाज की राजनीतिक सत्ता से दूर रखा गया था, उनको देश में अग्रणी भूमिका में लाने का काम भाजपा और मोदी सरकार ने किया है। छत्तीसगढ़ में भी भाजपा सरकार निरन्तर इसी दिशा में कार्य कर रही है।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मौर्य ने कहा कि हम 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को लेकर चल रहे हैं। इस लक्ष्य में ओबीसी समाज की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। जो समाज मुख्यधारा से छूट गया है, उसे मुख्यधारा में लाना, उसे शिक्षा, रोजगार, स्वाभिमान और राजनीतिक हिस्सेदारी देना, यही हमारा चिंतन है। इसी को लेकर हम समाज के बीच में जाने वाले हैं। श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा ने ओबीसी को सिर्फ बातों में नहीं, बल्कि सत्ता में हिस्सेदारी देकर सम्मान दिया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जब प्रधानमंत्री बने, तो देश के इतिहास में पहली बार केंद्र में 27 ओबीसी मंत्री बने। छत्तीसगढ़ सरकार में भी 14 में से 7 मंत्री ओबीसी समाज से हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि भाजपा का संकल्प है कि जो समाज छूटा था, उसे आगे लेकर आएँ।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मौर्य ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 70 साल तक कांग्रेस के लोग संसद में और प्रदेशों की सत्ता में रहे, लेकिन जब उनको ओबीसी समाज की गिनती का काम करना था, तब उन्होंने नहीं किया। आज जब जनगणना हो रही है, तो उसमें भी उनको परेशानी है और कमियाँ निकालने का काम कर रहे हैं। श्री मौर्य ने कहा कि जीवन में कुछ करने का भी संकल्प होना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में सारा काम व्यवस्थित तरीके से हो रहा है।

कांग्रेस को अब केवल आलोचना की राजनीति से बाहर आकर समाज के हित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। श्री मौर्य ने कहा कि छत्तीसगढ़ का पिछड़ा वर्ग मोर्चा पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करेगा, समाज के हर वर्ग से संवाद करेगा और भाजपा की विचारधारा को घर-घर तक पहुँचाएगा।

इस दौरान पत्रकार वार्ता में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी छगन साहू एवं सह प्रभारी श्रवण यदु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779579 Articles

Share this story