कांग्रेस ने आदिवासियों को केवल वोट बैंक समझा, भाजपा सरकार ने दिया वास्तविक नेतृत्व और अधिकार : विकास मरकाम

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने आदिवासियों को केवल वोट बैंक समझा, भाजपा सरकार ने दिया वास्तविक नेतृत्व और अधिकार : विकास मरकाम


रायपुर 26 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परम्परा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम ने कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित जनजाति विरोधी राजनीतिक चरित्र पर कड़ा प्रहार करते हुए बुधवार काे कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया, जबकि भाजपा ने आदिवासियों को वास्तविक सशक्तीकरण, सम्मान और शासन में सर्वोच्च नेतृत्व प्रदान किया है।

मरकाम ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में भाजपा की संवेदनशील सरकार में आदिवासी समाज का गौरव पूरे देश में बढ़ा है।मरकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज के व्यक्ति के मुख्यमंत्री पद संभालने के साथ ही समाज को शीर्ष नेतृत्व मिला है। मंत्रिमंडल में दो कैबिनेट मंत्रियों सहित विभिन्न निगमों, मंडलों और आयोगों में अनुसूचित जनजाति वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा विकास प्राधिकरणों के माध्यम से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण दर में वृद्धि से संग्राहकों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है। लघु वनोपजों के मूल्य संवर्धन, वन-धन केंद्रों के विस्तार, चरण पादुका योजना और पारंपरिक औषधीय ज्ञान के संरक्षण से आदिवासी परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मरकाम के अनुसार, वनांचल क्षेत्रों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य शिविरों और स्थानीय स्वास्थ्य परंपराओं को संस्थागत संरक्षण देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार योजनाओं को धरातल पर लागू कर अनुसूचित जनजाति वर्ग के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास आदिवासी समाज के उत्थान के नाम पर केवल खोखले वादे रहे हैं। मरकाम ने कहा कि आदिवासी समाज कांग्रेस के कथित दोहरे चरित्र को समझ चुका है और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story