जनजातीय गौरव दिवस के नाम पर दिखावा कर रही भाजपा सरकार, जंगलों की कटाई से आदिवासियों का अपमान: आशुतोष गोपाल

WhatsApp Channel Join Now
जनजातीय गौरव दिवस के नाम पर दिखावा कर रही भाजपा सरकार, जंगलों की कटाई से आदिवासियों का अपमान: आशुतोष गोपाल


आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने उठाए जल, जंगल, जमीन और ग्रामसभा के अधिकारों पर सवाल, हाथी मानव द्वंद्व के लिए भी सरकार को ठहराया जिम्मेदार

जांजगीर, 15 नवंबर (हि. स.)। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता आशुतोष गोपाल ने आज जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के नाम पर बड़े-बड़े आयोजन कर रही है, लेकिन दूसरी ओर प्रदेश में आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

आशुतोष गोपाल ने कहा कि तमनार, हसदेव अरण्य और बस्तर के जंगलों की कटाई से आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और आजीविका पर संकट खड़ा हो रहा है। भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और जंगलों की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। ऐसे में उनके नाम पर कार्यक्रम आयोजित करने वाली सरकार को यह बताना चाहिए कि क्या आदिवासियों की जमीन, जंगल और आजीविका वास्तव में सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि केवल समारोह और भाषणों से आदिवासी समाज का सम्मान नहीं होता, बल्कि उनके संवैधानिक अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा करना जरूरी है।

आप प्रवक्ता ने हसदेव अरण्य, केते एक्सटेंशन परियोजना और तारा कोल ब्लॉक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी समुदायों के भविष्य को लेकर सरकार गंभीर नजर नहीं आती। पांचवीं अनुसूची के क्षेत्रों में ग्रामसभा की भूमिका और सहमति बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन आदिवासियों की जमीन, परंपराओं और सामुदायिक अधिकारों की संवैधानिक सुरक्षा को नजरअंदाज किए जाने के सवाल लगातार उठ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में आज भी अच्छी सड़क, स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। आदिवासी समाज के वास्तविक मुद्दे जमीन, जंगल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और संवैधानिक अधिकार हैं। इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय समाज को धार्मिक आधार पर बांटने की राजनीति से किसी का भला नहीं होगा।

आशुतोष गोपाल ने हाथी मानव द्वंद्व का मुद्दा उठाते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 26 वर्षों से हाथी कॉरिडोर के नाम पर केवल घोषणाएं की गईं, जबकि जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति गंभीर हुई है। उन्होंने सरगुजा में हाथी के हमले से 19 लोगों की मौत का उल्लेख करते हुए इसके लिए सरकार और वन विभाग की नाकामी को जिम्मेदार ठहराया तथा कहा कि वन्यजीवों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी मुख्यमंत्री होने के कारण समाज की अपेक्षाएं और भी बढ़ गई हैं। इसके बावजूद हसदेव के जंगलों, जमीन अधिग्रहण, ग्रामसभा की सहमति, खनन परियोजनाओं, ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवाल अब भी बने हुए हैं।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि भगवान बिरसा मुंडा का वास्तविक सम्मान उनके संघर्ष और विचारों को आत्मसात करने के साथ आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा करने में है। जनजातीय गौरव दिवस केवल मंचों, भाषणों, पोस्टरों और सरकारी आयोजनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जब तक आदिवासियों की जमीन, जंगल, संस्कृति और संवैधानिक अधिकार सुरक्षित नहीं होंगे, तब तक जनजातीय गौरव की बातें अधूरी रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777709 Articles

Share this story