उपमुख्यमंत्री के सामने भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुई धक्का-मुक्की

WhatsApp Channel Join Now
उपमुख्यमंत्री के सामने भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुई धक्का-मुक्की


जगदलपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित दीपोत्सव को लेकर गुरुवार को गुरूनानक चौक में जमकर हंगामा हो गया। कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई।

दरअसल, 17 सितंबर को दंतेश्वरी मंदिर परिसर से गुरूनानक चौक तक सवा लाख दीप जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों के चलते गुरूनानक चौक क्षेत्र में पिछले दो दिनों से फूड स्टॉल, ठेले और गुमटियों को बंद कराया गया है। इसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और वे मौके पर पहुंचकर नारेबाजी करने लगे।

कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। विजय शर्मा लगातार अपनी बात रखते हुए कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन बहस बढ़ती चली गई। इसी बीच भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों की ओर से जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद मामला धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई । मौके पर अचानक बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस बल ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग किया और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने पूरे घटनाक्रम को लेकर कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा कार्यक्रम के लिए स्थान चयन को उचित नहीं बताए जाने की बात सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिलाओं के साथ भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने अभद्र भाषा और बदसलूकी की। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर बस्तर की आस्था, संस्कृति और परंपरा का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल के आस-पास अभद्र भाषा और महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।

निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि दीपोत्सव कार्यक्रम दलपत सागर में नहीं करके महापौर संजय पांडे अपनी नाकामी को छुपा रहे है। अपनी दलपत सागर की नाकामी एवं इंदिरा वार्ड की हार की खीज कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिलाओं के साथ अभद्र भाषा और बदसलूकी कर निकाल रहे हैं।

महापौर संजय पांडे ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जानबूझकर विवाद खड़ा कर ‘शानदार आयोजन’ को बाधित करने का प्रयास कर रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ता दीये जलाने के आयोजन को लेकर असहज थे और साजिश के तहत एकत्रित हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story