अजय चंद्राकर ने कहा- ‘वोट चोरी, वोट बचाओ’ को कर दें ‘कांग्रेस बचाओ’

WhatsApp Channel Join Now
अजय चंद्राकर ने कहा- ‘वोट चोरी, वोट बचाओ’ को कर दें ‘कांग्रेस बचाओ’


रायपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ दौरे और उनके 'वोट चोरी, वोट बचाओ' अभियान पर पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने तीखा तंज कसा है। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा है कि कांग्रेस को ‘वोट चोरी, वोट बचाओ’ अभियान का नाम बदलकर ‘कांग्रेस बचाओ’ कर देना चाहिए।

अजय चंद्राकर ने आज अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाने जैसे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी सलाह दी कि कांग्रेस को अपने इस अभियान का नाम बदलकर 'वोट चोरी, वोट बचाओ' की जगह 'कांग्रेस बचाओ' अभियान कर देना चाहिए, क्योंकि पार्टी की जो स्थिति चल रही है, उसमें असल जरूरत खुद कांग्रेस को बचाने की है।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने तंज कसा है।उन्होंने कहा कि ‘वोट चोरी, वोट बचाओ’ संवैधानिक संस्थाओं पर एक आरोप है। असल में ‘वोट चोरी, वोट बचाओ’ अभियान को ‘कांग्रेस बचाओ’ अभियान कर देना चाहिए।

भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के पास अपने अस्तित्व को बचाने के लिए कोई जनहित विषय नहीं है। सुखदेव भगत की राजनीतिक योग्यता के अनुसार झारखंड में कांग्रेस सत्ता से कितने दिनों से बाहर है, यह भी बताए।

जनजाति गौरव दिवस पर नितिन नबीन के नहीं आने पर कांग्रेस के भाजपा पर जनता का डर का आरोप लगाए जाने पर अजय चंद्राकर ने कहा कि ये कांग्रेस का कार्यालय मौसम विभाग का कार्यालय है क्या? कांग्रेस के नेताओं को मौसम विभाग में संविदा में लगा देना चाहिए। मौसम की उचित जानकारी इन्हें पता है। हकीकत यह है कि मौसम खराब होने की वजह से राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं आए।

छत्तीसगढ़ से सीआरपीएफ के नक्सल विरोधी बटालियन को हटाए जाने पर पूर्व मंत्री ने कहा कि बस्तर में अब डीमाइनिंग का काम बाकी है। शांति की बहाली हो गई। अब बटालियन वापस हो रही है। नेताओं की सुरक्षा भी घटाई गई है। स्थिति में सुधार आने के कारण क्रमशः ऐसा हो रहा है। बस्तर में विकास का काम अब लक्ष्य होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777873 Articles

Share this story