'बिटिया@वर्क' अभियान : 85 छात्राओं ने किया शासकीय कार्यालयों का भ्रमण

WhatsApp Channel Join Now
'बिटिया@वर्क' अभियान : 85 छात्राओं ने किया शासकीय कार्यालयों का भ्रमण


जगदलपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के अंतर्गत बस्तर जिले में बालिकाओं के सशक्तिकरण और उनमें नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी पहल की गई। जिला कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित 'बिटिया@वर्क' अभियान के तहत शनिवार काे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलोरी की 85 छात्राओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेटियों में निर्णय लेने की क्षमता, लैंगिक समानता की समझ और आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था, जनसेवा और विभिन्न विभागीय योजनाओं की व्यावहारिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।

इस भ्रमण कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सखी वन स्टॉप सेंटर सहित ग्रामीण और शहरी एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालयों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छात्राओं को कार्यालयीन दायित्वों, कानूनी व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और किशोरी बालिकाओं तथा महिलाओं से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मिशन शक्ति के तहत संचालित 'जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र' की भूमिका से भी उन्हें अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और भविष्य में प्रशासनिक व सामाजिक क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाने के लिए प्रेरित किया।

विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली और प्राप्त जानकारियों को दर्ज करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सभी प्रतिभागी छात्राओं को कॉपी और पेन प्रदान किए गए। भ्रमण के समापन पर सभी छात्राओं को भोजन कराया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझने और भविष्य के लिए नए सपने संजोने की दिशा में जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र और महिला एवं बाल विकास विभाग का यह प्रयास बालिकाओं के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक साबित हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766080 Articles

Share this story