किले के श्रीराम मंदिर में धूमधाम से मना श्रीराम जन्मोत्सव, दिनभर गूंजे भक्ति के स्वर
धमतरी, 27 मार्च (हि.स.)। चैत्र शुक्ल पक्ष नवमी के पावन अवसर पर किले स्थित श्रीरामचंद्र मंदिर, इतवारी बाजार में 27 मार्च को भगवान श्रीराम का भव्य जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान रहा।
श्रीरामचंद्र मंदिर न्यास द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आकर्षक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे भगवान श्रीराम के अभिषेक एवं श्रृंगार पूजन से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद सुमधुर भजनों की प्रस्तुति और संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ ने भक्तिमय वातावरण को और अधिक भावविभोर कर दिया।
दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें रामायण पाठ, महाआरती और प्रसादी वितरण किया गया। इस दौरान मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। भजन-कीर्तन के दौरान महिला, पुरुष और बच्चे भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए। मंदिर न्यास के संरक्षक श्रीमंत अंजली राजे चूड़ामणीराव कृदत्त, वरिष्ठ न्यासी जानकी प्रसाद शर्मा, डॉ. एन.पी. गुप्ता एवं अध्यक्ष दिग्विजय सिंह कृदत्त सहित उपाध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, महासचिव सूर्यकांत तिवारी, अशोक पवार, सह-सचिव विनित गुप्ता, विकांत शर्मा तथा ट्रस्टीगण राजेंद्र श्रोती, भूरा ग्वाल, संतोष सोनी, प्रदीप गुसा और नितिन गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
जगह-जगह हुआ प्रसादी वितरण:
श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर प्रसादी वितरण का आयोजन भी किया गया। आमातालाब रोड स्थित श्रीराम हॉस्पिटल के सामने श्रद्धालुओं को पूरी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी भक्तों के बीच प्रसाद बांटा गया, जिससे पूरे शहर में भक्ति और सेवा का संदेश प्रसारित
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

