स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर बिर्रा पुलिस का सख्त अभियान, 30 वाहनों की जांच

WhatsApp Channel Join Now
स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर बिर्रा पुलिस का सख्त अभियान, 30 वाहनों की जांच


जांजगीर-चांपा, 10 अगस्त (हि. स.)। सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिर्रा पुलिस ने क्षेत्र में संचालित स्कूल वाहनों की व्यापक जांच की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान आज साेमवार काे करीब 25 से 30 स्कूल वाहनों की जांच की गई।

पुलिस टीम ने देव पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर बिर्रा, जय भारत स्कूल, शुक्ला इंटरनेशनल स्कूल, जीनियस स्कूल और कैरियर पॉइंट से संबंधित स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने के साथ ही उनका भौतिक निरीक्षण भी किया गया।

जांच के दौरान जिन वाहनों में कमियां पाई गईं, उनके संचालकों को तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कमियों को दूर करने के बाद संबंधित वाहनों का दोबारा निरीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

अभियान के दौरान बिर्रा थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सामेश देव, आरक्षक लक्ष्मीनारायण कश्यप सहित संबंधित स्कूलों के प्रभारी शिक्षक उपस्थित रहे। पुलिस ने स्कूल वाहन संचालकों से सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story