बिलासपुर में मोबाइल चोरी की शिकायत लेकर थाने पहुंचा फेरीवाला, मारपीट और पांच हजार रुपये लेने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
बिलासपुर में मोबाइल चोरी की शिकायत लेकर थाने पहुंचा फेरीवाला, मारपीट और पांच हजार रुपये लेने का आरोप


पीड़ित ने एसएसपी से की शिकायत, मस्तूरी थाना प्रभारी हटाए गए

बिलासपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराने मस्तूरी थाने पहुंचे एक फेरीवाले युवक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने तथा उससे पांच हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। युवक ने मामले की शिकायत बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से की है। शिकायत सामने आने के बाद मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा को थाने से हटा दिया गया है। हालांकि, जारी आदेश में उनके स्थानांतरण का कारण प्रशासनिक बताया गया है।

मंगलवार 15 सितंबर काे किए गए शिकायत के अनुसार, बिल्हा थाना क्षेत्र के पत्थरखान गांव निवासी नकुल प्रसाद मांडरे गांव-गांव घूमकर साड़ी और कपड़े बेचने का कार्य करता है। उसने बताया कि 11 सितंबर की सुबह वह सामान बेचने के लिए मस्तूरी क्षेत्र गया था। मस्तूरी स्थित एक पेट्रोल पंप पर वाहन में पेट्रोल भरवाने के बाद उसने शराब पी। कुछ दूरी आगे जाने पर उसे अपना मोबाइल गायब मिला, जिसके बाद वह चोरी की शिकायत दर्ज कराने मस्तूरी थाने पहुंचा।

पीड़ित का आरोप है कि उसने थाने में मौजूद मुंशी शिवचरण मरावी को घटना की जानकारी दी और यह भी बताया कि उसने शराब का सेवन किया है। इसके बाद उसे एक फॉर्म की फोटोकॉपी बाहर से लाने के लिए कहा गया। फोटोकॉपी लेकर लौटने के बाद भी उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई।

युवक ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मी दिनेश निराला, शिवचरण मरावी और नीतीश बंजारे ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा उसे थाने के भीतर ले जाकर मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि उस समय थाना प्रभारी सलीम खाखा भी थाने में मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कथित मारपीट को नहीं रोका। हालांकि, शिकायत में थाना प्रभारी पर स्वयं मारपीट करने का आरोप नहीं लगाया गया है।

शिकायत के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी लेकर जेब में रखे दो हजार रुपये अपने पास रख लिए और वाहन की चाबी भी जब्त कर ली। युवक का आरोप है कि उसे छोड़ने के एवज में तीन हजार रुपये और मांगे गए, जिसके बाद उसकी पत्नी ने सूर्य सागर नामक व्यक्ति के खाते में तीन हजार रुपये ऑनलाइन स्थानांतरित किए। इस प्रकार पुलिसकर्मियों पर कुल पांच हजार रुपये लेने का आरोप लगाया गया है।

मामला एसएसपी कार्यालय पहुंचने के बाद मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा को हटाकर निरीक्षक कपिलदेव चंद्रा को मस्तूरी थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। हालांकि, आदेश में तबादले का कारण प्रशासनिक बताया गया है। फिलहाल युवक द्वारा लगाए गए मारपीट और रुपये लेने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story