बिलासपुर के बाल सुधार गृह में किशोर ने दी जान, दुष्कर्म के मामले में था निरुद्ध

WhatsApp Channel Join Now
बिलासपुर के बाल सुधार गृह में किशोर ने दी जान, दुष्कर्म के मामले में था निरुद्ध


बिलासपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सरकंडा स्थित बाल सुधार गृह में दुष्कर्म के मामले में निरुद्ध एक किशोर ने जान दे दी। घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। किशोर के बाथरूम में जान देने की जानकारी सामने आने के बाद बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक किशोर रायगढ़ जिले का रहने वाला था। उसे करीब तीन दिन पहले बिलासपुर के बाल सुधार गृह में लाया गया था। इस दौरान उसके 18 वर्ष की आयु पूरी होने की जानकारी भी सामने आई है। मंगलवार सुबह वह बाल सुधार गृह के बाथरूम में गया था। बाद में उसके जान देने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी है। पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

बिलासपुर सिटी एसपी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि, ये सरकंडा के बाल सुधारगृह की घटना है। आरोपित बालक रायगढ़ का निवासी था।उसने सुबह में बाल सुधार गृह के बाथरुम में जान दे दी है। पुलिस को सुबह इस बात की सूचना दी गई।उसके बाद पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

किशोर ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस उसके बाल सुधार गृह में रहने के दौरान के व्यवहार, गतिविधियों और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

इसके साथ ही बाल सुधार गृह की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story