बिलासपुर के छठ घाट पर दिखी छत्तीसगढ़ की संस्कृति और बस्तर की लोककला की झलक

WhatsApp Channel Join Now
बिलासपुर के छठ घाट पर दिखी छत्तीसगढ़ की संस्कृति और बस्तर की लोककला की झलक


बिलासपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। बिलासपुर के न्यू लोको कॉलोनी स्थित मरिमाई मंदिर तालाब छठ घाट पर लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस बार घाट की सजावट को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और बस्तर की लोककला पर आधारित विशेष स्वरूप दिया गया, जो श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही।

घाट पर छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति सम्मान और बस्तर की पारंपरिक लोककला को प्रमुखता दी गई। तालाब के किनारे कतारबद्ध पिलर्स पर बस्तर कला से प्रेरित चित्र लगाए गए, जिनमें लोकजीवन, पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्य की झलक दिखाई दी। फूलों की लड़ियों, लटकते पुष्पगुच्छों और लाल कपड़ों से की गई सजावट ने पूरे परिसर को आकर्षक रूप दिया। चारों ओर हरियाली के बीच सजा घाट आस्था, प्रकृति और लोककला के संगम का दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।

समिति के सचिव केशव झा ने बताया कि मरिमाई मंदिर तालाब छठ घाट पर पिछले 15 वर्षों से छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष आयोजन की तैयारियां करीब एक महीने पहले ही शुरू कर दी गई थीं। उन्होंने बताया कि समिति ने इस बार छठ घाट की सजावट में छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपराओं को भी स्थान दिया है।

केशव झा के अनुसार, छत्तीसगढ़ की धरती से जुड़े होने के कारण समिति ने छठ महापर्व के अवसर पर यहां की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित करने का प्रयास किया। उनका कहना है कि इस बार घाट की विशेष सजावट की चर्चा प्रदेश के साथ देशभर में हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778041 Articles

Share this story