बिलासपुर : धान रोपाई पर जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, दो महिलाओं की मौत, छह घायल

WhatsApp Channel Join Now
बिलासपुर : धान रोपाई पर जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, दो महिलाओं की मौत, छह घायल


बिलासपुर : धान रोपाई पर जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, दो महिलाओं की मौत, छह घायल


बिलासपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह को धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल ट्रैक्टर में करीब 19 मजदूरों को लेकर खेत की ओर जा रहा था। सभी मजदूर धान की रोपाई के लिए निकले थे। मुड़पार के समीप पहुंचते ही अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया। ट्रैक्टर के पलटते ही उसमें सवार कई मजदूर उसके नीचे दब गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर सकर्रा ग्राम पंचायत के सरपंच के नाम पर पंजीकृत है। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर सरपंच के खेत में धान की रोपाई के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर तेज गति से चल रहा था। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया।

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। इस दुर्घटना में बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उनका इलाज जारी है।

हिर्री थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। इसके अलावा ट्रैक्टर में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर ले जाने के मामले की भी जांच की जा रही है। चालक चंद्रशेखर पटेल से भी पूछताछ की जा रही है।

दुर्घटना के बाद मुड़पार और आसपास के गांवों में शोक की लहर है। धान रोपाई के लिए निकले मजदूरों के साथ हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story