जांजगीर चांपा : ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
जांजगीर-चांपा, 22 जून (हि. स.)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। ग्राम मुड़पार (ब) जोगिया नाला के पास आज सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी को आंगनबाड़ी सहायिका की परीक्षा के लिए छोड़कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। वहीं पास ही बाइक पर सवार अन्य दो युवक किसी तरह सड़क किनारे कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही डायल 112 और पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक युवक की पहचान ग्राम कुलीपोटा निवासी शिव कुमार यादव (35) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

