धमतरी : सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, पिता-पुत्र की मौत

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, पिता-पुत्र की मौत


धमतरी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पितर कार्यक्रम में शामिल होने के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे पिता और दो बेटे सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए। हादसे में पिता और एक पुत्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा पुत्र सुरक्षित बच गया।

जिला अस्पताल धमतरी के पुलिस सहायता केंद्र से साेमवार काे मिली जानकारी के अनुसार सनौद थाना क्षेत्र के ग्राम कचराबांधा निवासी अनोन कुमार (12) अपने भाई और पिता के साथ चार अक्टूबर को ग्राम मोहारा में आयोजित पितर कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम को तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम अरमरीकला और सनौद के बीच सड़क किनारे खड़े ट्रक में उनकी बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक सवार पिता और एक पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की नजर पड़ने पर तीनों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने पिता और एक पुत्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे पुत्र को सुरक्षित बचा लिया गया, जिसे उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर से ग्राम कचराबांधा में शोक की लहर है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story