बलरामपुर : दो माेटरसाइकिल की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक की मौत, तीन गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : दो माेटरसाइकिल की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक की मौत, तीन गंभीर घायल


चुरैला नाला के पास हुआ दर्दनाक हादसा, टक्कर के बाद धू-धू कर जलीं दोनों बाइकें; पुलिस ने शुरू की जांच

बलरामपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चुरैला नाला के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के तुरंत बाद दोनों माेटरसाइकिल आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगीं।

हादसे में एक माेटरसाइकिल सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल वाड्रफनगर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों माेटरसाइकिल आमने-सामने टकराई थीं, जिसके बाद उनमें आग लग गई। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात भी सामान्य कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story