वर्ष 2013 से बंद बीजापुर प्राथमिक शाला मेट्टापारा का हुआ पुन: शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
वर्ष 2013 से बंद बीजापुर प्राथमिक शाला मेट्टापारा का हुआ पुन: शुभारंभ


बीजापुर, 07 अगस्त (हि.स.)। बीजापुर जिले के विकासखंड उसूर के संकुल केंद्र हीरापुर अंतर्गत वर्ष2013 से बंद पड़ी प्राथमिक शाला मेट्टापारा कोरसागुड़ा का आज शुक्रवार काे पुन: शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, पालकों और ग्रामीणों की मौजूदगी में विद्यालय का विधिवत संचालन शुरू किया गया। विद्यालय खुलने की खुशी में पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा शैक्षणिक सामग्री भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, जनपद अध्यक्ष पूर्णिमा तेलम, कोरसागुड़ा के सरपंच, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एम. वी. राव, विकासखंड स्रोत समन्वयक, संकुल समन्वयक, शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का पुन: संचालन केवल एक शाला का उद्घाटन नहीं है, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और गांव के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय के विकास में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

ग्रामीणों ने विद्यालय के दोबारा खुलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपलब्धि बताया। ग्रामीणों का कहना है कि अब बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने ही गांव में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। सभी ने मिलकर प्राथमिक शाला मेट्टापारा को एक आदर्श विद्यालय बनाने का संकल्प भी लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story