बीजापुर कलेक्टर ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर कलेक्टर ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश


बीजापुर, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही वर्षा और बाढ़ की स्थिति के मद्देनज़र कलेक्टर विश्वदीप ने शुक्रवार को भोपालपटनम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले इन्द्रावती नदी के तिमेड़ पुल का अवलोकन कर जलस्तर एवं आवागमन की स्थिति की जानकारी ली।

इसके पश्चात चंदनगिरी स्थित राहत शिविर पहुंचकर वहां ठहरे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना तथा उन्हें हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। राहत शिविर में कलेक्टर ने भोजन, स्वच्छ पेयजल, वस्त्र, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविर में रह रहे प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकताओं की नियमित रूप से पूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न होने पाए। साथ ही बाढ़ से हुई क्षति का शीघ्र सर्वेक्षण कर पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए । निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विश्वदीप ने नल्लमपल्ली एवं रामपुरम गांवों का भी भ्रमण कर बाढ़ की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

कलेक्टर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी स्थिति में बहते पानी को पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता या आपात स्थिति में तत्काल संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस अथवा जिला प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और प्रभावित प्रत्येक नागरिक तक राहत एवं सहायता पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नम्रता चौबे, संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story