बिहान योजना ने बदली उर्वशी बंजारे की जिंदगी, गृहणी से बनीं लखपति दीदी

WhatsApp Channel Join Now
बिहान योजना ने बदली उर्वशी बंजारे की जिंदगी, गृहणी से बनीं लखपति दीदी


जांजगीर-चांपा 23 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। इस योजना से जुड़कर अकलतरा विकासखंड की उर्वशी बंजारे ने आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की है। आज वे एक सफल उद्यमी और “लखपति दीदी” के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं।

अकलतरा जनपद के अंतर्गत स्वतंत्र महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य उर्वशी बंजारे पहले एक गृहणी थीं। परिवार की आजीविका मुख्य रूप से खेती पर निर्भर थी तथा आर्थिक संसाधन सीमित थे। बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत हुई। योजना के तहत उनके समूह को प्रारंभ में 15 हजार रुपये की चक्रीय निधि तथा ग्राम संगठन के माध्यम से 60 हजार रुपये का सामुदायिक निवेश कोष प्राप्त हुआ। इसके बाद बैंक लिंकेज के माध्यम से समूह को विभिन्न चरणों में ऋण उपलब्ध कराया गया। प्राप्त वित्तीय सहायता का उपयोग करते हुए उर्वशी बंजारे ने ईंट निर्माण का कार्य प्रारंभ किया। व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ उन्होंने एक फोटो कॉपी सेंटर भी स्थापित किया, जिससे उनकी आय के स्रोतों में वृद्धि हुई। बैंक लिंकेज एवं समूह से समय-समय पर प्राप्त ऋण राशि का उपयोग उन्होंने अपने व्यवसाय के विस्तार के साथ-साथ परिवार की आवश्यकताओं एवं बच्चों की शिक्षा के लिए किया। इससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार मजबूत होती गई। वर्तमान में वे ईंट निर्माण और फोटो कॉपी सेंटर के माध्यम से प्रतिमाह 12 से 15 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।

इसके अतिरिक्त उर्वशी बंजारे बिहान योजना के अंतर्गत अपने संकुल संगठन में एफएलसीआरपी के रूप में भी कार्यरत हैं, जिससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 6 हजार रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त होती है। इस प्रकार उनकी कुल आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वे सफलतापूर्वक “लखपति दीदी” के रूप में स्थापित हुई हैं। उर्वशी बंजारे का कहना है कि बिहान योजना ने उन्हें आर्थिक सहायता के साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया। आज वे अपने गांव की अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूहों से जोड़कर स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story