पामगढ़ में चक्काजाम करने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छः नामजद समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज

WhatsApp Channel Join Now


जांजगीर-चांपा, 16 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम करना प्रदर्शनकारियों को भारी पड़ गया। पामगढ़ पुलिस ने आंबेडकर चौक में यातायात बाधित करने के मामले में 6 नामजद आरोपितों सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि चक्का जाम में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को कुछ लोगों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर एकजुट होकर पामगढ़ के आंबेडकर चौक पर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे आम नागरिकों, यात्रियों और आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इस दौरान लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और यातायात व्यवस्था भी बाधित रही।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पामगढ़ थाना पुलिस ने मामले की जांच की और चक्का जाम में शामिल लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने इस मामले में 6 नामजद आरोपितों के साथ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया है। फिलहाल पुलिस चक्का जाम में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान और पतासाजी में जुटी हुई है। आरोपितों के सामने आने पर उनके खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी मांग या समस्या के समाधान के लिए कानून को अपने हाथ में न लें। सड़क जाम, चक्का जाम या सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध करना कानूनन अपराध है और इससे आम जनता, मरीजों, विद्यार्थियों, आपातकालीन सेवाओं तथा अन्य यात्रियों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ता है।

पुलिस ने कहा कि यदि किसी विषय को लेकर जनसमस्या या मांग है तो संबंधित विभाग अथवा प्रशासन के समक्ष शांतिपूर्ण और वैधानिक तरीके से अपनी बात रखें। पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story