नए कोतवाल के सामने बड़ी चुनौती: अवैध नशे पर अंकुश, नशेड़ियों के आतंक और बेपटरी ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की उम्मीद

WhatsApp Channel Join Now
नए कोतवाल के सामने बड़ी चुनौती: अवैध नशे पर अंकुश, नशेड़ियों के आतंक और बेपटरी ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की उम्मीद


कोरबा, 30 जून (हि. स.)। कटघोरा थाना क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, सख्त कार्यशैली और जनसंपर्क के लिए पहचान बना चुके निरीक्षक धर्म नारायण तिवारी को कोरबा कोतवाली का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। शहर के नए कोतवाल के रूप में आज उनकी पदस्थापना से नागरिकों में कानून-व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद जगी है। खासकर अवैध नशे के बढ़ते कारोबार, नशेड़ियों की बढ़ती गतिविधियों और शहर की चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर लोगों की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं।

कोतवाली क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अवैध शराब और गांजा की बिक्री लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। शहर के प्रवेश द्वार इमलीडुग्गू से लेकर विभिन्न आंतरिक मोहल्लों तक नशे का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। इसके चलते युवाओं के साथ-साथ किशोर भी नशे की गिरफ्त में आते जा रहे हैं। गांजा सेवन करने वालों की संख्या बढ़ने से सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियां भी बढ़ी हैं, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है।

स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब 6 से 7 वर्ष की आयु के बच्चों से लेकर किशोरों तक में बोनफिक्स, वेमीकोल और अन्य सॉल्यूशन जैसे सूंघने वाले नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। बच्चे इन्हें कपड़े या छोटी शीशियों में भरकर सार्वजनिक स्थानों पर सेवन करते नजर आते हैं, जो सामाजिक और स्वास्थ्य की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय है।

इसके अलावा शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी लंबे समय से अव्यवस्थित बनी हुई है। प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होती है। नागरिकों का मानना है कि नए कोतवाल यदि नशे के अवैध कारोबार पर कठोर कार्रवाई के साथ ट्रैफिक प्रबंधन को भी प्राथमिकता दें, तो शहर में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार संभव है।

शहरवासियों को उम्मीद है कि निरीक्षक धर्म नारायण तिवारी अपने पूर्व कार्यकाल की तरह कोरबा कोतवाली क्षेत्र में भी प्रभावी पुलिसिंग का परिचय देंगे और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के साथ आम जनता का विश्वास और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story